होशंगाबाद/10,दिसम्बर,2016/ पचमढ़ी उत्सव के दौरान मिट्टी के कुल्हड़ो का उपयोग किया जाएगा, प्लास्टिक व पालिथिन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। जहां-जहां पालिथिन का उपयोग किया जाता है वहां पालिथिन की बजाए मिट्टी के कुल्हड़ो का उपयोग किया जाएगा। उक्त निर्देश शनिवार को कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने पचमढ़ी उत्सव की तैयारी संबंधी बैठक में दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को कुल्हड़ो का उपयोग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में बताया कि पचमढ़ी उत्सव दिसम्बर माह में शुरू हो रहा है अत: भारी ठंड को देखते हुए उत्सव स्थल पर अलाव की व्यवस्था रहेगी। कलेक्टर ने पचमढ़ी उत्सव की तैयारियों का जायजा लेते हुए बताया कि उत्सव स्थल पर साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को उत्सव के दौरान विद्युत व्यवस्था अबाध रूप से चालू रखने के निर्देश दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम की छटा बिखरेगी उत्सव में - पचमढ़ी उत्सव 15 दिसम्बर से 18 दिसम्बर तक आयोजित होना है। इन चार दिनो में लोगो के मनोरंजन के लिए हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुती दी जाएगी। पचमढ़ी उत्सव का उद्घाटन 15 दिसम्बर को सांय 6 से 7 बजे के बीच किया जाएगा। इसके पश्चात सांय 7 बजे से आध्या कत्थक ग्रुप जबलपुर द्वारा शास्त्रीय नृत्य कत्थक की प्रस्तुती दी जाएगी। सांय 7.15 बजे से तामिया ग्रुप छिंदवाड़ा द्वारा कोरकु नृत्य की तथा सांय 7.30 बजे से कुंआ बादल के कृष्णकुमार ग्रुप द्वारा गोंडी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके पश्चात रात्रि 8.30 बजे भारत स्काउट एवं अन्य कलाकारो द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। 16 दिसम्बर को सांय 6 बजे से इंटर नेशनल फ्यूजन बैंड द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। सांय 7 बजे से सागर आकादमी के लोक कलाकार नौरता आदिवासी लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगे। सांय 7.30 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें हरिओम पंवार, पदमश्री डॉ.सुनील जोगी, दिनेश बाबरा एवं साथीगण हास्य व्यंग की छटा बिखेरेंगे। 17 दिसम्बर को सांय 6 बजे से गीत गजल के कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें नमामि सोनकिया एवं साथीगणो द्वारा गीत व गजल की प्रस्तुति सागर अकादमी द्वारा दी जाएगी। सांय 7.15 से पचमढ़ी के इतिहास पर आधारित फैशन शो का तथा सांय 7.30 बजे से बालीवुड नाइट का आयोजन किया जाएगा जिसमें राजा सागू, सत्यपाल एवं साथियो द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। पचमढ़ी उत्सव के अंतिम दिन 18 दिसम्बर को सांय 6 बजे से पचमढ़ी ग्रुप द्वारा गरबा की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 8.30 बजे पचमढ़ी उत्सव का समापन समारोह होगा तथा रात्रि 9 बजे सचिन जैन एवं साथियो द्वारा सूफी गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा - पचमढ़ी उत्सव के दौरान साहसिक खेलो व रंगोली व मेंहदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। बताया गया कि प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से खेल प्रतियोगिता एवं साहसिक खेलो का आयोजन किया जाएगा। 15 दिसम्बर को रंगोली प्रतियोगिता, 16 को मेराथन व पोस्टर प्रतियोगिता तथा 17 दिसम्बर को लेग क्रिकेट प्रतियोगिता का तथा 18 दिसम्बर को मेंहदी प्रतियोगिता व रस्सीखीच प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है तथा बाहर से आने वाले कलाकारो के रूकने की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है। कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों को अपनी विभागीय योजनाओ से संबंधित स्टाल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कलाकारो, अतिथियों के भोजन व्यवस्था व वाहन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने पचमढ़ी उत्सव के बेहतर प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने एक पुलिस कंट्रोल रूम बनाने एवं वहां पुलिस बल की तैनाती करने के भी निर्देश दिए। बैठक में साडा सीईओ श्री सतीश कुमार एस, जिला पंचायत के सीईओ श्री पी.सी.शर्मा सहित विभिन्न विभागो के अधिकारीगण मौजूद थे।
पचमढ़ी उत्सव में होगा कुल्हड़ का उपयोग पालीथिन का उपयोग रहेगा प्रतिबंधित पचमढ़ी उत्सव में हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमो की छटाएं बिखेरी जाएगी