होशंगाबाद 10 दिसम्बर 2016: मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री पी.सी. शर्मा ने शुक्रवार की रात्रि में जनपद पंचायत बनखेडी के ग्राम उमरधा में रात्रि विश्राम किया । उन्होंने ग्रामवासियों को स्वच्छता का संदेश देने कहा कि ग्राम को स्वच्छ रखे, बाहर खुले में शौच न जायें, 90 प्रतिशत बीमारियां खुले में शौच जाने एवं दूषित जल के पीने से होती है। ग्राम में गंदगी न होने से न केवल बीमारियां दूर रहती है, वहीं स्वच्छता होने से मन भी प्रसन्न रहता है। श्री शर्मा ने कहा कि नमामि देवी नर्मदे यात्रा ग्राम में 10 जनवरी को प्रवेश करेगी। यात्रा में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ शामिल होगें, ग्राम को स्वच्छ रखने से जिले का अच्छा प्रभाव पड़ेगा। श्री शर्मा ने ग्रामवासियों से शौचालय निर्मित कराने एवं उनका उपयोग करने की अपील की वहीं अधिकारियों को ग्राम में गुणवत्ता पूर्ण शौचालय निर्मित कराने और ग्रामवासियों के बैंक खाते में पारदर्शी तरीके से पैसा स्थानान्तरण करने की निर्देश दिये। श्री शर्मा ने 10 जनवरी से पहले ग्राम को खुले में शौच से मुक्त करने की अपील की। दिया स्वच्छता का संदेश श्री शर्मा ने ग्राम में आज से जय स्वच्छता जय-जय स्वच्छता का नारा दिया । ग्रामवासी अपने अभिवादन में इसका उपयोग करें। उन्होंने ग्राम में निगरानी दल को सक्रिय करने ग्राम के बच्चों को ग्राम को खुले में शौच से मुक्त करने बच्चों को सीटी, फूल माला दिये जाने के निर्देश दिये। ताकि खुलें में शौच जाने वालो को विचार करने पर मजबूर किया जा सके, उन्होंने कहा कि शौचालय वो जगह है जो हमें शुद्ध करती है। इसका उपयोग करें तथा साफ-सफाई रखें। नर्मदा माॅ को गंदा न करें श्री शर्मा ने कहा कि माॅ नर्मदा हमे पीने के लिए जल देती है तथा हम इसे पूजते है। यह जीवनदायिनी है, उन्होने ग्रामीणों से अपील की कि हम इसे गंदा न करें। उन्होंने इस संबंध में ग्रामवासियों को शपथ भी दिलाई। शौचालय गुणवत्ता पूर्ण बनायें श्री शर्मा ने कहा कि 12 हजार रूपये शासन की तरफ से शौचालय निर्माण के लिए दिये जाते है। शौचालय न केवल गुणवत्ता पूर्ण बनाये जायें वही शौचालय में टाईल्स भी लगवायें ताकि शौचालय गंदे न दिखे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ग्राम में माॅडल शौचालय बनाये ताकि जिले के अन्य ग्राम के निवासियों को शौचालय देखने इस ग्राम में भेजा जा सके। महिलाओं को किया सक्रिय श्री शर्मा ने ग्रामवासियों से चर्चा कर स्वच्छता बनाये रखने की अपील की साथ ही ग्राम की महिलाओं को ग्राम को खुले से शौच से मुक्त कराने, ग्राम को स्वच्छ रखने के लिए आगे आकर ग्राम को स्वच्छ रखने की अपील की । उन्होंने कहा कि महिलाऐं न केवल अपने घर में शौचालय बनवाये वहीं अपने पडोस में भी शौचालय बनवाने की पहल करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पेट संबंधी बीमारियां खुले में शौच जाने की वजह से होती है क्योंकि महिलाओं शौच के वक्त अच्छी तरह से शौच नही कर पाती । खुले में शौच जाने की बुराईयां बताई श्री शर्मा ने कहा कि ग्राम के बच्चे ज्यादा बीमार होते है। बच्चों को उल्टी दस्त होने की खास वजह ग्रामीणों का खुले में शौच जाना है। खुले में शौच जाने से पैरो के माध्यम से गंदगी घरों में पहुॅचती है इससे कीटाणु होते है। इन कीटाणु के कारण बीमारी ज्यादा होती है। गंदगी होने से जहां मच्छर, मक्खीयां ज्यादा पनपते है जिनके वजह से ग्राम में बीमारियां बढ जाती है। इस अवसर पर तहसीलदार नितिन टाले ने कहा कि संपूर्ण विश्व में भारत ही एक ऐसा देश है जहां शौचालय बनाये जा रहे है। यदि एक भी व्यक्ति खुले में शौच जाता है तो बीमारियां उतनी ही प्रभावी होती है। उन्होंने प्रत्येक वार्ड के पंच को अपने अपने वार्ड को खुले में शौच से मुक्त दिलाने का अव्हान किया । जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री कौशलेष तिवारी ने धार्मिक पुराणों के उदाहरण देकर ग्रामीण जनता को खुले में शौच से मुक्त कराने स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर बब्लू भैया जूदेव एवं सरपंच ने भी स्वच्छता का संदेश देते विचारों से ग्रामीणों को अवगत कराया। प्रातः ग्रामवासियों को दी समझाईश श्री शर्मा ने रात्रि विश्राम ग्राम उमरधा में किया प्रातः 05 बजे से ग्रामवासियों के साथ ग्राम में भ्रमण कर ग्रामवासियों को शौचालय का उपयोग करने और खुले में शौच न जाने की समझाईश दी। उन्होंने स्वच्छता बनाये रखने के लिए स्वच्छता के महत्व को ग्रामवासियों को अवगत कराया उन्होने ग्रामवासियों को एक जगह एकत्रित कर स्वचछता का संदेश देने ग्राम में रैली निकाली । रैली में ग्रामवासियों ने ‘‘बंद करो भाई बंद करो खुले में शौच जाना बंद करो’’ के नारे लगाये। उन्होंने ग्रामवासियों को शौचालय का उपयोग करने का संकल्प भी दिलाया।