आलोट। विकासखंड आलोट में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम द्वितीय वर्ष के समस्त छात्रों का प्रशिक्षण जनपद सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोरधनलाल मालवीय एवं विकासखंड समन्वयक शैलेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जिसमें सभी युवाओं को महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी एवं वहां पर आने वाली कठिनाइयों के बारे में मालवीय जी द्वारा समझाया गया। शासन द्वारा निर्धारित 25 ग्राम पंचायतों में 1 जनवरी से 8 जनवरी के मध्य उक्त विद्यार्थियों के द्वारा सामाजिक अंकेक्षण सोशल ऑडिट का कार्य किया जाएगा। शैलेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि उक्त कार्य में सभी युवाओं एवं जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बैठक में उपस्थित सभी युवाओं को स्वच्छ भारत में एक प्रेरक के रूप में कार्य करने हेतु सीओ साहब ने संकल्प दिलाया एवं श्रेष्ठ कार्य करने वालों को प्रोत्साहन एवं प्रमाण पत्र दिलाया जाएगा इस हेतु आश्वस्त किया हम इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर अपने अपने गांव में आस-पास के गांव में जन जागरूकता जन अभियान के रूप में करें।