संयुक्‍त राज्‍य अमेरिका का 45वां राष्‍ट्रपति चुने जाने के लिए वाेटिंग शुरू हो गई है। राष्‍ट्रपति, सीनेट और कांग्रेस चुनावों के लिए जारी मतदान में लोगों की भारी संख्‍या देखने को मिल रही है। इससे पहले, दोनों प्रमुख पार्टियों के नेताओं हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्‍ड ट्रंप ने पहला वोट पड़ने से पहले आखिरी बार प्रचार किया। राष्‍ट्रपति चुनावों के लिए शुरुआती वोट न्‍यू हैंपशायर राज्‍य में डिक्‍सविले, हार्ट्स लोकेशन और मिल्‍सफील्‍ड नाम के कस्‍बों में अमेरिकी समयानुसार मंगलवार मध्‍यरात्रि से डाले गए। वो‍टिंग खत्‍म होने के बाद मीडिया संस्‍थानों की तरफ से रुझानों का दौर शुरू हो जाएगा और विजेता के नाम की भविष्‍यवाणियां होने लगेंगी। चुनाव के नतीजे भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5.30 बजे आने की उम्‍मीद है। चुनाव में लगभग 20 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें से तीन करोड़ 50 लाख से ज्यादा मतदाता पहले ही मतदान कर चुके हैं। 6 जनवरी 2017 को अमेरिका के अगले राष्ट्रपति की घोषणा की जाएगी। 20 जनवरी 2017 से अमेरिका का अगला राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में कार्यभार संभालेगा।