नई दिल्ली: नोट बदलने की अफरा-तफरी के बीच बीती शाम उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में अचानक ये अफवाह फैल गई कि देश में नमक की कमी हो गई है, इसलिए उसके दाम बढ़ने वाले हैं. इस अफवाह के फैलते ही कई शहरों में लोग नमक खऱीदने दुकानों पर पहंचने लगे, जिसका फायदा उठाकर दुकानदारों ने नमक की कालाबाजारी शुरू कर दी. कुछ जगहों पर 400 रुपए किलो के भाव से नमक बेचा गया औऱ कहीं-कहीं नमक की दुकानों को लूट लिया गया. यूपी के कई जिलों में मची अफरा-तफरी यूपी के राजधानी लखनऊ, रामपुर, इटावा में तो लोगों ने नमक के बाजार को ही लूट लिया. वहीं वाराणसी, बरेली, कानपुर, बुलंदशहर, बाराबंकी और फिरोजाबाद के बाजारों में भी नमक की कमी की अफवाह पर अफता-तफरी मची रही. लोग यहां नमक का पैकेट नहीं बल्कि पूरा कट्टा खरीदना चाहते थे. एकाएक नमक खरीदने वालों की भीड़ देखकर दुकानदारों ने भी नमक की कालाबाजारी शुरू कर दी. कालाबाजारी के आरोप में दुकानदारों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सरकार ने की लोगों से अपील- ‘अफवाह पर न दें ध्यान’ हालात यह हो गए कि केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राम विलास पासवान और यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कहना पड़ा कि नमक की कोई कमी नहीं है. लोग अफवाहों पर ध्यान ना दें. वहीं यूपी सरकार ने कहा है कि जो लोग अफवाह फैला रहे हैं उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी. दिल्ली में गुस्साएं लोगों ने की बसों में तोड़फोड़ उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, मुंबई, हरियाणा और गुजरात में भी इस अफवाह का खासा असर देखा गया. दिल्ली में गुस्साए लोगों ने जबरदस्त हंगामा किया और बसों में तोड़फोड़ भी की. जमाखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा- केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विट करके चेतावनी दी है. सीएम ने कहा है कि नमक और चीनी की कमी की बात सरासर ग़लत है. अगर कोई जमाख़ोरी करेगा तो उसे बक्शा नहीं जाएगा.
सरकार ने कहा- नमक की किल्लत नहीं, अफवाहों पर ध्यान ना दें