दिल्ली. 500-1000 के पुराने नोट बंद होने के बाद इन्हें खपाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय तलाश रहे हैं। कोई इन्हें सोने में बदल रहा है, कोई कीमती टिकट बुक करा रहा है, तो कोई शादियों में खर्च के भुगतान के लिए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी पर दबाव बना रहा है। आफत से डरे कई लोग तो इन्हें फेंक रहे हैं। हालांकि, बड़े खर्च करने वालों पर सरकार की पैनी नजर है। देश के 25 शहरों में नोट के बदले 250 किलो सोना बेच देने वाले 600 ज्वेलर्स से डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सेंट्रल एक्साइज इंटेलिजेंस ने नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। 13-14 गुना बढ़ी ट्रेन के एसी-1 कोच के टिकटों की बिक्री… - ट्रेन के फर्स्ट क्लास का टिकट बुक करके पुराने 500-1000 के नोट खपाए जा रहे हैं। लोग टिकट बुक करने के बाद इन्हें कैंसल करा रहे हैं। इससे उनके नोट एक्सचेंज हो रहे हैं। - रेलवे ने कह दिया है कि वह कैश रिफंड करने के बजाय पैसा अकाउंट में भेजेगा, लेकिन लोगों को यह शर्त भी मंजूर है। - मुंबई में इंडियन रेलवे के स्पोक्सपर्सन अनिल सक्सेना ने बताया कि जहां हर दिन एसी फर्स्ट क्लास के 2000 टिकट की बुकिंग होती थी, वह अब 27000 हो रही है। यानी इसमें 13 गुना से ज्यादा का इजाफा हुआ है। 3 करोड़ के पेमेंट के लिए लेकिन पुराने नोटों का ऑफर - मुंबई में बड़ी शादियों में इंतजाम करने वाली एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के सीनियर मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव ने बताया कि उन्हें भी इस वक्त भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। - उन्होंने नाम जाहिर न करने की शर्त पर कहा, "शादियों वाले क्लाइंट पागल हुए जा रहे हैं। एक का मेरे पास फोन आया। बोला- आपको 3 करोड़ रुपए का पेमेंट करूंगा, लेकिन पुराने 1000 के नोट होंगे।" ढाई क्विंटल सोना कुछ घंटों में बिका - एक इंडस्ट्री सूत्र के मुताबिक, 500-1000 के नोट बंद करने का एलान होने के बाद बुधवार को मुंबई में 75 करोड़ रुपए कीमत का करीब ढाई क्विंटल सोना कुछ ही घंटों में बिक गया। - सूत्रों के मुताबिक, ज्वेलर्स पुराने नोट के बदले 20 से 65 फीसदी तक ज्यादा कीमत पर सोना बेच रहे हैं। 600 ज्वेलर्स से सरकार ने जवाब मांगा - पुराने नोटों के बदले बड़ी मात्रा में सोना मिलने की देशभर से खबर आ रही हैं। - ऐसे में, एक्साइज डिपार्टमेंट ने 25 शहरों के करीब 600 ज्वेलर्स से जवाब मांगा है। - आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, ये नोटिस डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सेंट्रल एक्साइज इंटेलिजेंस की ओर से भेजे गए हैं। - इसमें 7 नवंबर के बाद से 4 दिन के अंदर बेचे गए सोने की डिटेल मांगी गई है। गंगा में तैरते मिले नोट - उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में 500 और 1000 के कई नोट गंगा नदी में तैरते मिले। - शुक्रवार को कुछ लोग नदी में नहा रहे थे, तभी उन्हें ये नोट दिखाई दिए। - इससे पहले बुधवार को बरेली के एक स्कूल में लावारिस हालते में 500-1000 के नोट मिले थे।
बंद नोटों के दिलचस्प किस्से: कहीं गंगा में फेंके गए, कहीं इतना सोना खरीदा कि 600 ज्वेलर्स से सरकार ने मांग लिया जवाब