तलेन। संस्कार कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, तलेन में विद्यालय परिवार द्वारा शासकीय सेवा में चयनित शिक्षकों के सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार के लिए यह गौरव का अवसर रहा। समारोह में अनिल यादव, मुकेश लववंशी, पवन यादव, जसवंत राजपूत, अजय भिलाला, राकेश राठौर, रानी यादव एवं माधुरी उमठ के शासकीय सेवा में चयनित होने पर उनका सम्मान किया गया। विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा चयनित शिक्षकों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। वक्ताओं ने कहा कि इन शिक्षकों ने विद्यालय में अपने कार्यकाल के दौरान विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन एवं व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षकों का शासकीय सेवा में चयन विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में भी उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर चयनित शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्कार कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में बिताया समय उनके जीवन की महत्वपूर्ण एवं यादगार स्मृतियों में सदैव रहेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय संचालक श्री देव सिंह यादव एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा शासकीय सेवा में चयनित सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन शासकीय दायित्व में सफलता की मंगलकामना दी।