बुरहानपुर | 16-फरवरी-2017 मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लता वानखेड़े ने बुधवार को शासकीय जीजामाता पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालिका छात्रावास में कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने यहां दी जा रही बुनियादी सुविधाओं के संबंध में छात्राओं से पूछताछ भी की। निरीक्षण के दौरान उनके साथ मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सूर्या चौहान, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री सुभाष जैन, पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एस.पी.कोरी, व्याख्याता श्री अनिल शाह, सहित अन्य अधिकारी व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती लता वानखेड़े ने कॉलेज की छात्राओं से कहा कि महिला आयोग आपके हितार्थ कार्य करता है। इसलिये कोई भी परेशानी या किसी प्रकार की समस्या हो तो बतायें। उन्होंने विद्यार्थियों से पेयजल, भोजन, आवास, सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने श्रीमती वानखेड़े को बताया कि हमें किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हैं। खूब पढ़ लिखकर माता-पिता का नाम रोशन करें राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वानखेडे़ ने महिला पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रावास में विद्यार्थियों से कहा कि खूब पढ़े और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें। मेहनत और लगन से पढ़ाई करें। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई का महत्व बताते हुए कहा कि पढ़ाई जीवन में बहुत जरूरी हैं, इससे हर मुकाम हासिल किया जा सकता हैं।
खूब पढ़-लिखकर अपने माता-पिता का नाम रोशन करें राज्य महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती वानखेडे़ ने किया छात्रावास का औचक निरीक्षण