गाजियाबाद । सराय काले खां दिल्ली से गाजियाबाद होकर मेरठ तक जाने वाली हाई स्पीड ट्रेन के ठहराव के लिए 17 स्टेशन प्रस्तावित किए गए हैं। यह ट्रेन सराय काले खां से निकलकर गाजियाबाद में एनएच-58 होकर मेरठ पहुंचेगी। इसमें हवाई जहाज जैसे सफर का आनंद मिलेगा। एयरलाइन जैसी सीटें ट्रेन में होंगी। ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाओं वाले 12 कोच होंगे।

सराय काले खां से मेरठ के बीच 90 किलोमीटर की दूरी 45 से 50 मिनट में तय होगी। यही नहीं भीड़ वाले इलाके में एलिवेटेड ट्रैक को अंडर ग्राउंड भी बनाना रिपोर्ट में प्रस्तावित है। साढ़े पांच किलोमीटर पर ट्रेन के लिए स्टेशन बनाया जाएगा। दो बाई दो का सीटिग लेआउट प्लान बनाया गया है। एक कोच की लंबाई 22 मीटर रखी गई है।

हर पांच से दस मिनट पर कनेक्टिविटी दी जाएगी। पांच साल में एलिवेटेड कारिडोर तैयार कर हाई स्पीड ट्रेन पटरी पर उतारने का लक्ष्य लेकर एनसीआर ट्रांसपोर्ट कारपोरशन ने कवायद तेज कर दी है।

यहां प्रस्तावित हैं स्टेशन

सराय काले खां, आनंद विहार, साहिबाबाद, मोहन नगर, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर, मेरठ साउथ, शताब्दी नगर से एक लाइन नौचंदी, शास्त्रीनगर, दूसरी लाइन एचआरएस चौक, बेगमपुर, मेरठ नार्थ मोदीपुरम। हाई स्पीड ट्रेन कारिडोर आनंद विहार से एनएच-58 के ऊपर से गुजरेगा। कारिडोर में स्टैंडर्ड गेज की दो लाइनें बनाई जाएंगी।