होशंगाबाद सीईओ जिला पंचायत श्री पी.सी. शर्मा ने रविवार को ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देशित किया कि 31 जनवरी 2017 तक जिले को खुले में शौच से मुक्त किया जावे। उन्होंनें कहा कि न केवल शौचालय का निर्माण हो बल्कि उनका उपयोग भी सुनिश्चित किया जावे ताकि ग्राम में गंदगी न रहे और ग्रामीण परिवेश स्वच्छ रहे। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों का चयन कर आवास से जुड़ी समस्त औपचारिकतायें पूर्ण की जावें। उन्होंने कहा कि शौचालय एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीरता से कार्य करें, गड़बड़ी करने वालों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। श्री शर्मा ने नमामि देवी नर्मदे यात्रा की समीक्षा करते हुये कहा कि जिले में 10 से 20 जनवरी को यात्रा भ्रमण करेगी इसके लिये सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते कर ली जावें। नर्मदा किनारे की ग्राम पंचायतों में शौचालय निर्माण में प्रगति लाई जाकर खुले में शौच से मुक्त किया जावे। श्री शर्मा ने मनरेगा योजना की समीक्षा करते हुये कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में 1-1 कार्य अनिवार्यतः प्रारंभ कर लिये जावें। योजनान्तर्गत एससी, एसटी हितग्राहियों को लाभान्वित किया जावे। हितग्राहियों को 100 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जावे। ग्राम पंचायतों में खेल मैदान, कपिलधारा कूप, सुदुर ग्राम संपर्क सडक योजना, नाडेप, वर्मी कंपोस्ट के कार्य प्राथमिकता से लिये जावें। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का चयन कर लक्ष्य से 3 गुना प्रकरण बैंकों को प्रेषित किये जावें यदि हितग्राहियों का प्रकरण निरस्त होता है तो उसे सूचित भी किया जावे। सभी जनपद पंचायत जल्द से जल्द अपने लक्ष्यों को पूर्ण करें। श्री शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुये कहा कि एल-4 लेवल पर शिकायतें न जावें। सभी शिकायतें एल-1 एवं एल-2 स्तर पर ही निराकृत की जावें। बैठक में सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, योजनाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
31 जनवरी तक जिले को खुले में शौच से मुक्त करें: सीईओ जि.पं. पी. सी. शर्मा